सीए एसोसिएशन ने महापौर से की आइसीएआइ भवन को भूमि आवंटन की मांग
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आइसीएआइ) की हल्द्वानी शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण को लेकर सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में रुद्रपुर और हल्द्वानी के मध्य लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित किए जाने की मांग की गई है, ताकि कुमाऊं क्षेत्र में आइसीएआइ का अत्याधुनिक संस्थागत भवन स्थापित किया जा सके। वर्तमान में आइसीएआइ की हल्द्वानी शाखा किराये के परिसर से संचालित हो रही है, जिससे शाखा की गतिविधियों, सदस्यों और विद्यार्थियों की बढ़ती आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो रहा है। ऐसे में स्थायी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। बताया कि आइसीएआइ देश की प्रतिष्ठित वैधानिक संस्था है, जिसकी स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंट अधिनियम 1949 के तहत की गई थी। संस्था लेखांकन, लेखा परीक्षा, कराधान, वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पाेरेट गवर्नेंस और व्यावसायिक नैतिकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्तमान में देशभर में इसकी 186 शाखाएं कार्यरत हैं, जहां सदस्यों और विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाएं और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते है।इस अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की टीम: ,सीए मोहित देव, सीए चेतन खुराना , सीए अंकित , प्रताप सिंह , सीए अभिषेक बठला , सीए मोहित गंभीर , सीए पारस सुराना , सीए विजेंद्र माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे ।।





