विश्व पर्यावरण दिवस पर पंत विवि के कुलपति ने साइकिल रैली निकाल,दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पंतनगर। (लोक निर्णय)विश्व पर्यावरण दिवस पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज साइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने किया। विश्वविद्यालय परिसर स्थित गांधी मैदान से प्रारम्भ हुई रैली स्टेडियम, छात्रावास मार्ग, बड़ी मार्केट एवं अम्बेडकर पार्क होते हुए सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा नियमित व्यायाम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में पन्तनगर स्वास्थ्य संजीवनी संस्था द्वारा सभी 100 सदस्यों को एक नई साइकिलों का वितरण किया गया।कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात पर्यावरणविद् डा. आरके श्रीवास्तव ने भी संस्था एवं विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि युवाओं और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने में विश्वविद्यालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पन्तनगर स्वास्थ्य संजीवनी संस्था वर्ष 2021 से स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों, रक्तदान शिविरों एवं आर्थिक सहायता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की सेवा कर रही है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त संदेश प्रसारित किया।





