ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में महाराणा प्रताप के नाम होगी रिंग रोड, क्षत्रीय समाज को मिलेगा कम्युनिटी हॉल

रुद्रपुर। (लोक निर्णय) अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा की लंबे समय से उठ रही मांगों पर आज महापौर विकास शर्मा ने बड़ा फैसला लेते हुए क्षत्रीय समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। महापौर ने नवनिर्मित रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की घोषणा की। इसके साथ ही गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक का नाम बदलकर ‘महाराणा प्रताप चौक’ करने और क्षत्रीय समाज के लिए आधुनिक कम्युनिटी हॉल बनवाने का भी ऐलान किया।
गुरुवार को अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि शहर में कई समाजों के लिए सामुदायिक भवन हैं, लेकिन क्षत्रीय समाज के लिए अब तक ऐसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने नगर निगम से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराकर सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का नाम राष्ट्रनायकों एवं वीर महापुरुषों के नाम पर रखने का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि इससे नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।महापौर विकास शर्मा ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि रिंग रोड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने के लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही दक्ष चौक का नाम बदलने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए क्षत्रीय समाज को आधुनिक कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराया जाएगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम सभी समाजों के सम्मान और विकास के लिए समान भाव से कार्य कर रहा है। जिस प्रकार पंजाबी, बंगाली, पूर्वांचल और ब्राह्मण समाज के लिए सामुदायिक भवनों की घोषणाएं की गई हैं, उसी तरह क्षत्रीय समाज को भी यह सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर सामाजिक समरसता और कौमी एकता का प्रतीक है तथा सभी समाजों की भावनाओं का सम्मान करना नगर निगम की प्राथमिकता है।महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान ने महापौर का आभार जताते हुए कहा कि इन घोषणाओं से समाज की वर्षों पुरानी मांगों को नई दिशा मिलेगी। बैठक में जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह जादौन, रघुराज सिंह, दिलीप सिंह समेत महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार