रीप परियोजना के लक्ष्य समय पर पूरे करें, गुणवत्ता से न हो समझौता: सीडीओ
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रत्येक गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा सुनिश्चित की जाए।जिससे इसका लाभ लक्षित ग्रामीण परिवारों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।विकास भवन में आज आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने परियोजना की द्वितीय तिमाही की प्रगति का जायजा लेते हुए विभिन्न घटकों की समीक्षा की। बैठक में सामुदायिक आधारित संगठनों (सीबीओ) के सुदृढ़ीकरण, संस्थागत विकास, उद्यमिता संवर्धन, आजीविका गतिविधियों तथा परियोजना के आउटकम संकेतकों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।सीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर फॉलो-अप करने तथा शासन और परियोजना मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गतिविधियों का पारदर्शी क्रियान्वयन, नियमित अभिलेखीकरण और समय पर रिपोर्टिंग पर भी विशेष जोर दिया।बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, जिला परियोजना प्रबंधक शुभंकर झा सहित ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सभी सहायक प्रबंधक एवं कर्मचारी मौजूद थे।





