ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ,घाट निर्माण की घोषणा।

खटीमा।( लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा पर झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर क्षेत्र व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने झनकईया व नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर में घाट निर्माण की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व के पावन अवसर पर आयोजित पौराणिक मेले के शुभारंभ अवसर पर सभी को कार्तिक पूर्णिमा व गुरु पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला अत्यंत पौराणिक है, जो लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है।यहां आस्था और लोक संस्कृति का दिव्य संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से यह मेला नई पीढ़ी के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है तथा पीढ़ी दर पीढ़ी नए लोगों ने इसे संभाला है और यहाँ की श्रद्धा व संस्कारों को उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित यह मेला दोनों देशों के आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने का माध्यम है और इसकी अपनी विशिष्ट पहचान है। भारत और नेपाल के बीच संस्कृति तथा रोटी-बेटी का अटूट संबंध है,दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराएं परस्पर जुड़ी हैं, जिन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री द्वारा धारचूला के पास बने नए पुल को जनता को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि मेले में सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, गभिया, रामनगर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूँ, लखीमपुर, मैलानी और सीतापुर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी व नागरिक प्रतिभाग करते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में थारू समाज क्षेत्र के लोगों की भी बड़ी भागीदारी रहती है, जिनके पारंपरिक रीति-रिवाज, लोकगीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक विरासत मेले को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लोग सवेरे, शाम, दिन और रात के समय मेले में पहुँचते हैं। बंगाली व पंजाबी समाज की महिलाओं सहित सभी वर्गों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। इसी उद्देश्य से विकास कार्यों के साथ-साथ मेलों, उत्सवों और आयोजनों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो ऐतिहासिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव तथा देहरादून में जनजाति गौरव दिवस का आयोजन किया गया। सीमांत और जनजाति क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार तथा बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है,वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना व प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से जनजाति परिवारों को पक्के आवास दिए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्राम्य विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त मकान स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अनेक विद्यालय, आश्रम पद्धति विद्यालय, आवासीय एकलव्य विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आइटीआइ, पॉलिटेक्निक, बालिका छात्रावास तथा छात्रावासों व भोजनालयों से जुड़े कार्य किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजाति महिलाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। महिलाओं,युवाओं, जनजाति समाज, सीमांत क्षेत्र के नागरिकों, सैनिकों, किसानों, निवेशकों और व्यापारियों सहित हर वर्ग के हित में कार्य हो रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता और मूल अस्तित्व बनाए रखने के लिए माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए लव जिहाद और लैंड जिहाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है। प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा यह अभियान जारी रहेगा। अवैध मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक मदरसों को बंद किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए मदरसा बोर्ड के स्थान पर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। राज्य में युवाओं और बेटियों को पारदर्शी रूप से 36 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी गई। मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार को देखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगरपालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाट, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झांकैइया व कालापुल के पास पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा की ।उन्होंने कहा बनशक्ति मंदिर,भारा मल बाबा मंदिर और बनखंडी महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को भी सुदृढ़ व आकर्षक बनाया जाएगा।मेंले में वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री धामी ने जलेबी व सिंघाड़े भी खरीदे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य,नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा,दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी व श्रद्धालु मौजूद थे।

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार