चंपावत में जेल की भूमि पर बनेगा ओपन एयर थियेटर
चम्पावत। (लोक निर्णय)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चम्पावत स्थित पुरानी जिला कारागार की 1.062 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में अपर सचिव श्रीमती तृप्ति भट्ट ने आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप गोरलचौड़ मैदान के समीप स्थित पुरानी जेल की भूमि पर पर्यटन विभाग आधुनिक ओपन एयर थियेटर का निर्माण करेगा। इस परियोजना से जिले में सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों, लोक संस्कृति और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक आधुनिक एवं सुसज्जित मंच उपलब्ध होगा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन से भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित विभागों के समन्वय से सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।उन्होंने कहा कि ओपन एयर थियेटर के निर्माण से चम्पावत के पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई पहचान मिलेगी। यह परियोजना जिले के समग्र विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजनों को भी नया आयाम प्रदान करेगी।



