कामर्शियल सिलिंडर आपूर्ति एवं पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने की मांग को डीएसओ से व्यापारी मिले
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी से मुलाकात कर शहर में कामर्शियल गैस सिलिंडर की कमी एवं पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने की मांग की। जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में शहर में कामर्शियल सिलिंडर की भारी कमी बनी है। जिससे छोटे एवं मध्यम वर्ग के व्यापारी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से ठेली संचालक, चाय विक्रेता, टिक्की, समोसा, होटल एवं रेस्टोरेंट से जुड़े कारोबारियों की आजीविका पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। कई छोटे दुकानदारों का व्यवसाय बंद होने की कगार पर पहुंच गया है, वहीं कुछ को अपने काम में कटौती करनी पड़ रही है।उन्होंने मांग की कि कामर्शियल सिलिंडर की नियमित एवं समान आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु एक पारदर्शी रोस्टर प्रणाली लागू की जाए। जिससे छोटे से छोटे व्यापारी तक भी सिलेंडर उपलब्ध हो सके। साथ ही शहर में पीएनजी गैस कनेक्शनों का दायरा बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे भविष्य में गैस आपूर्ति संबंधी समस्याओं से आम जनता को राहत मिलेगी और लंबी लाइनों की स्थिति से बचा जा सकेगा।जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही कामर्शियल सिलिंडर की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग स्तर पर रोस्टर तैयार किया जाएगा, जिससे लघु एवं मध्यम व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराए जा सकें। साथ ही पीएनजी पाइपलाइन विस्तार के लिए संबंधित एजेंसियों से लगातार संपर्क कर कनेक्शनों को बढ़ावा दिया जाएगा।इस अवसर पर पार्षद गौरव खुराना, पवन गाबा, अंशुल अग्रवाल, भरत बत्रा, दीपक कुमार, संतोष कुमार सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।





