करंट लगने से पीएसी कांस्टेबल की मौत रुद्रपुर।(लोक निर्णय) 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक कांस्टेबल की सोमवार को करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। वह ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर पहुंचे थे। बिजली की खराबी दूर करने के लिए पोल पर चढ़े, तभी करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह अपने परिवार के साथ बगवाड़ा ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे। सोमवार को उनकी ड्यूटी शाम चार बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर पर बिजली न होने के कारण वह मरम्मत के लिए बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान अचानक करंट लगने से वह नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कालोनी के कमलेश माजिला व अन्य लोगों ने अस्पताल पहुंचकर शोक जताया।31वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह रावत डी कंपनी में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। वह विभाग की अनुमति से अपने निजी आवास में रह रहे थे। सोमवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर चले गए थे, जहां यह हादसा हो गया।




