आशा कार्यकर्त्रियों के चुनावी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सीएमओ सख्त
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)जनपद की चिकित्सा इकाइयों में कार्यरत कतिपय आशा कार्यकर्त्रियों के चुनाव सम्बन्धित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने का संज्ञान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसके गोस्वामी ने लिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों द्वारा रोष व्यक्त किया गया है, क्योंकि आशा एक सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता है और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ बिना किसी भेदभाव के कार्य करना उसका दायित्व है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी-अपनी चिकित्सा इकाई में कार्यरत समस्त आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों को निर्देशित करें कि वे किसी भी चुनाव सम्बन्धी गतिविधि में संलिप्त न रहें। यदि कोई आशा कार्यकर्त्री चुनावी गतिविधि में संलिप्त पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो में किसी भी पार्टी के चुनाव प्रचार-प्रसार में संलिप्त पाई गई आशाओं का स्पष्टीकरण अवश्य लें।





