श्रमिकों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका
रुद्रपुर। 44 श्रम कानून खत्म करके लेबर कोड लागू करने से खफा मजदूरों ने आज श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधम सिंह नगर के नेतृत्व में गांधी पार्क में मोदी सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में सफलता से और बेखौफ होकर मोदी सरकार हर तरीके से मजदूर वर्ग पर हमला और तेज कर दिया। देश की मेहनतकश मजदूर आबादी को धर्म और सांप्रदायिकता के नाम पर बांटकर नफरत के रथ पर सवार होकर मजदूर वर्ग पर अब तक का यह सबसे बड़ा हमला बोला है।देश की मेहनतकाश जनता पुरजोर तरीके से विरोध कर रही है। कहा कि चार श्रम संहिताओं के मूल में है ‘हायर एण्ड फायर’ यानी मालिकों की मर्जी, जब चाहो काम पर रक्खो, जब चाहो निकाल दो आदि की हेरा फेरी की गई है। ठेका प्रथा कानूनी बन जाएगा। ट्रेनी के नाम पर ‘फोकट के मज़दूरों से काम करना वैध होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मनमानी के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।पुतला फूंकने वालों में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के महासचिव चंद्र मोहन लाखेड़ा, सीएसटीयू के मुकुल, धीरज जोशी भाकपा माले के ललित मटियाली, एक्टू की अनीता अन्ना, उत्तम, कारोलिया लाइटिंग इंप्लाइज यूनियन के हरेंद्र सिंह, एलजीबी वर्कर्स यूनियन के गोविंद सिंह, अर्कू बिस्वास आदि शामिल थे।




