व्यक्ति को ज्ञान के साथ विवेक और समझ प्रदान करती है शिक्षा:कुलपति
पंतनगर। (लोक निर्णय)गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के कृषि संचार विभाग में शिक्षक दिवस पर आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एसके कश्यप ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को केवल ज्ञान ही प्रदान नहीं करती, बल्कि उसे सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान, विवेक, तार्किक सोच, आत्मविश्वास एवं नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल उत्तर नहीं देता, बल्कि उन्हें प्रश्न पूछने और स्वयं उत्तर खोजने के लिए प्रेरित करता है। प्रसिद्ध दार्शनिक सुकरात का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रश्न और संवाद के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया व्यक्ति के विचारों को नई दिशा देती है। दर्शन और शिक्षा का उद्देश्य भी व्यक्ति को गहराई से सोचने तथा जीवन को बेहतर ढंग से समझने के लिए प्रेरित करना है।कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डा. वीएलवी कामेश्वरी सहित विभाग के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह का उद्देश्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका तथा शिक्षा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करना रहा।





