यूके एसएसएसी परीक्षा संपन्न,डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
चम्पावत ।( लोक निर्णय)उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय अर्हता परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज स्वयं परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए परीक्षा केन्द्र शोभन सिंह जीना राजकीय महाविद्यालय, चम्पावत का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।डीएम ने परीक्षा केन्द्र में स्थापित कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया तथा संचार माध्यमों के दुरुपयोग को रोकने हेतु स्थापित जैमर व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया था कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश न दिया जाए।उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर सतत सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा नकल के प्रयास पर तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इस दौरान उप जिला अधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।





