मुठभेड़ में आरोपित मोइन के पैर में लगी गोली
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोकशी तस्कर के पैर में गोली लगी और गिरफ्तार हो गया।जबकि उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया।तीन जुलाई को रात एसओजी प्रभारी उमेश कुमार की अगुवाई में टीम वांछित व इनामी अपराधियों की तलाश में मुस्तैद थी। इसी बीच गदरपुर क्षेत्र में पूर्व में गोकशी कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला वांछित अभियुक्त मोईन पुत्र यामीन निवासी: चक्कर की मिलक, मुरादाबाद, उ.प्र.) अपने किसी अन्य साथी के साथ स्वार (रामपुर) के रास्ते बाजपुर में गोमांस की तस्करी करने की फिराक में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजपुर क्षेत्र के कनौरा तिराहे (राष्ट्रीय राजमार्ग 74) पर चेकिंग शुरू की। स्वार की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो चालक ने पुलिस टीम को देखकर बाइक तेज गति से बाजपुर की ओर भगा ली।पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपित की बाइक अनियंत्रित होकर आम के बाग की तरफ गिर गई। अपने आप को घिरा देख आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपित मोईन के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त मोईन को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।आरोपित के पास से 315 बोर का एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस और करीब 17 किलोग्राम प्रतिबंधित गोमांस (पशु चिकित्सक द्वारा पुष्टि की गई) एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह मुरादाबाद और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गोकशी और तस्करी का धंधा करता है। आरोपित के खिलाफ थाना बाजपुर में धारा 109(1) BNS, 3/25 शस्त्र अधिनियम तथा 3/5/6/11 उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





