महिला उद्यमिता को मंच दे रहा चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव: सुबोध
चम्पावत। सरस कॉर्बेट महोत्सव में सांस्कृतिक संध्या लोकसंस्कृति, संगीत और महिला सशक्तिकरण के संदेश से ओतप्रोत रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मंत्री वन, भाषा, निर्वाचन एवं तकनीकी शिक्षा, उत्तराखंड सरकार तथा सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लोकगायक सुंदर बाफिला ने फिल्मी गीत “सोचेंगे तुम्हें प्यार” की भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं का हृदय जीत लिया। बचपन से नेत्रहीन होने के बावजूद उन्होंने अपने अद्भुत स्वर, निरंतर साधना और अटूट आत्मविश्वास के बल पर लोकसंगीत के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।गायक भूपेंद्र बसेड़ा ने “प्यारी देवभूमि” गीत के माध्यम से उत्तराखंड की प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया।प्रियंका महर ने “बेडू पाको” और “स्वामी जी” जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। राकेश खनवाल ने “हिमूली”, “मधुली वे”, “हफ्ते में इतवार का दिन” और “बुलेट मा भीना” जैसे सुपरहिट कुमाऊँनी गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे पंडाल को नृत्यमय कर दिया।कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों एवं व्यंजनों का स्वाद लिया तथा उनसे संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। कहा कि चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव महिलाओं की आर्थिकी को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है। महिलाओं की शक्ति से ही उत्तराखंड का भविष्य स्वर्णिम बनेगा। ऐसे महोत्सव उद्यमिता को मंच प्रदान कर स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाते हैं।इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती आदि मौजूद थे।





