बिना बताए गायब रहने पर संग्रह अमीन सूरज निलंबित
रुद्रपुर।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आज जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए उप जिलाधिकारियों को नियमित कोर्ट लगाकर लम्बित वादों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएं। जिलाधिकारी ने शतप्रतिशत राजस्व वसूली के करने के निर्देश दिए।साथ ही कहा कि बड़े बकायेदारों से कड़ाई से राजस्व वसूली की जाय। उन्होने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि जो संग्रह अमीन राजस्व वसूली में लापरवाही करता है उसके खिलाफ कार्रवाई करना सुनिश्चित करें व जिन संग्रह अमीनों द्वारा राजस्व वसूली के लिए अच्छा कार्य किया जा रहा है उनको सम्मानित भी किया जाए। जिलाधिकारी ने बिना उच्चाधिकारियों को बताए लम्बे समय से अनुपस्थित रहने व कम राजस्व वसूली पर संग्रह अमीन गदरपुर सुरज सिंह बिष्ट को निलम्बित करते हुए तहसील काशीपुर से संबद्ध किया। संग्रह अमीन गदरपुर कमला जोशी को कम राजस्व वसूली में उदासीनता बरतने पर विभागीय कार्यवाही करने की संस्तुति की।जिलाधिकारी ने 13 पाक्सो मामलों में 12 मामलों में बरी होने को गम्भीरता से लेते हुए सम्बन्धित अभियोजन पक्ष के पैरवीकर्ताओं के स्पष्टीकरण लेने के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डॉ.अमृता शर्मा, ऋचा सिंह, तुषार सैनी आदि मौजूद थे।





