नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों पर क्या बोलीं बागेश्वर डीएम
बागेश्वर।जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने आज नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्था सुरक्षा, यातायात, भोजन, स्वास्थ्य, मार्ग, आवास, टेंट, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और संचार व्यवस्था पर गहनता से समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने यात्रा से संबंधित विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया।जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि नंदाराज यात्रा आस्था और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों को अग्रिम तैयारी और ठोस योजना के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना पहले से तैयार करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान अस्थायी समाधान के बजाय स्थायी संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाए। जिससे भविष्य में भी इन सुविधाओं का उपयोग हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे स्थल निरीक्षण कर संभावित चुनौतियों का पूर्व आंकलन करें और उनके समाधान हेतु अग्रिम कार्ययोजना बनाएं।जिससे यात्रा का संचालन सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल आदि अधिकारी मौजूद थे।





