जानें, पंत विवि के छात्र की आत्महत्या का मामला क्यों पकड़ रहा जोर
रुद्रपुर: पंत विवि के बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र की आत्महत्या का मामला तुल पकड़ता जा रहा है।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी वित्त कौस्तुभ मिश्रा को ज्ञापन देकर कहा कि 12 सितंबर को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकीय विश्वविद्यालय, पंतनगर में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र नीरज ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली थी। वह किच्छा का रहने वाला था। पता चला कि अंग्रेजी भाषा का पर्याप्त ज्ञान न होने वाले छात्रों का कक्षाओं में मजाक उड़ाया जाता है।इसी दबाव में नीरज ने आत्महत्या का कदम उठा लिया।जबकि दूसरे को बचा लिया गया। घटना के बाद विवि प्रशासन ने छात्रावास खाली करवा दिया। यह कदम गंभीर शक पैदा करता है कि कहीं जांच को प्रभावित करने और साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास तो नहीं हो रहा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। जांच में विवि के बाहर
के अधिकारी/न्यायिक विशेषज्ञ शामिल हों। उन्होंने मृतक छात्र के परिजन को आर्थिक सहायता, देने, जांच अवधि के दौरान सभी छात्रों व गवाहों की सुरक्षा और स्वतंत्र बयान की गारंटी देने, विश्वविद्यालय में भाषा सहायता के लिए कक्षाएं संचालित करने आदि की भी मांग की। साथ ही चेताया कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।





