जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में खटीमा की लक्ष्मी भट्ट ने मारी बाजी
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) विद्यालयी शिक्षा विभाग के संस्थान उत्तराखण्ड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) देहरादून के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी शुक्रवार राबा इंका महरौला, रुद्रपुर में हुई। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 204: संभावनाएं एवं चुनौतियां” था। प्रतियोगिता में सराफ पब्लिक स्कूल खटीमा की छात्रा लक्ष्मी भट्ट ने प्रथम स्थान तथा सरस्वती पब्लिक स्कूल छिनकी, खटीमा की छात्रा कीर्ति बिष्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी हेतु अपना स्थान पक्का किया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि डा. जीसी जोशी, प्रोफेसर भौतिक विज्ञान, गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि विश्वविद्यालय पन्तनगर, जनपद के मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा, खण्ड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य राजेश्वर प्रसाद होलकर, श्रीमती मंजूरानी होलकर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या शुभा रावत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ किया गया। तत्पश्चात् विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। जिला विज्ञान समन्वयक विनीता जगदीश चौधरी द्वारा उपस्थित जनसमूह को विज्ञान संगोष्ठी के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। प्रतिभागी विद्यार्थियों के मूल्यांकन कार्य हेतु तीन सदस्यीय निर्णायक मण्डल का गठन किया गया था। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने एक लिखित अभिक्षमता परीक्षा में प्रतिभाग किया। द्वितीय चरण में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का 6 मिनट का व्याख्यान सत्र सम्पन्न हुआ। प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा प्रोजेक्टर पर स्लाइड के माध्यम से अपने विज्ञान प्रोजेक्ट निर्णायकों के मध्य प्रदर्शित किये। प्रतियोगिता के तृतीय चरण में दो मिनट का प्रश्नोत्तर सत्र सम्पन्न हुआ जिसमें निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों से व्याख्यान से सम्बन्धित तीन प्रश्न पूछे गये। लिखित परीक्षा तथा तीनों निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों को प्रदत्त औसत अंकों के आधार पर सराफ पब्लिक स्कूल खटीमा की छात्रा लक्ष्मी भट्ट को प्रथम स्थान, सरस्वती पब्लिक स्कूल छिनकी फार्म, खटीमा की छात्रा कीर्ति बिष्ट को द्वितीय स्थान तथा जीएस कान्वेन्ट सितारगंज की छात्रा कु0 सपना मेहरा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी के मुख्य अतिथि जीसीजोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य राजेश्वर होलकर द्वारा अपने वक्तव्य में भविष्य के लिए नवीकरण ऊर्जा स्रोत संरक्षण, प्रदूषण के कारणों तथा ग्लोबल वार्मिंग पर विस्तृत प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु समस्त विकासखण्डों के विज्ञान समन्वयक उपस्थित रहे। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षक भी उपस्थित रहे। निर्णायक मण्डल के रुप में माधवेन्द्र कुमार सारस्वत, (प्रधानाचार्य), भूपाल सिंह नेगी (प्रवक्ता) एवं डा. दीप्ति वर्मा (प्रवक्ता) द्वारा प्रतिभागियों के कार्य का मूल्यांकन किया गया। उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन संयुक्त रूप से भगवती पाण्डेय एवं रमा प्रभात द्वारा किया गया। प्रतियोगिता को सम्पन्न कराने हेतु जिला इन्सपायर अवार्ड समन्वयक प्रेम चन्द्र, विकासखण्ड विज्ञान समन्वयक तजम्मुल हसन, सुरेश चन्द्र उप्रेती, उमेश जोशी, शिवानी रानी, विनोद कुमार विद्यालय की शिक्षिकाऐं बसन्ती रानी, ममता रानी, संगीता नेगी, सुधा राठी, अलका, निधि वर्मा, पूनम रानी, माया; अल्का यादव साक्षी, नीतू, गीता, ज्योति सकसैना, रीनू, साजिया, तरून तिवारी, मुकेश सिंह सहित समस्त शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।





