ग्राम्य विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर हुई राज्य स्तरीय समीक्षा
रुद्रपुर।( लोक निर्णय) अपर सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखंड झरना कमठान ने बुधवार को प्रदेश के समस्त जनपदों में संचालित ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। जनपद ऊधम सिंह नगर की ओर से मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी (IAS) के नेतृत्व में परियोजना निदेशक, डीआरडीए, सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए, जिला परियोजना प्रबंधक, ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना, डीटीई, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के मैनेजर सहित RSETI एवं स्वजल के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।जनपद में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की वर्तमान प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों तथा धरातल पर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन, स्वयं सहायता समूहों का सशक्तीकरण, महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना, ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि, स्वरोजगार के अवसरों का सृजन तथा ग्रामीण विकास से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।इसके अतिरिक्त ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, RSETI एवं स्वजल के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों, विभागीय समन्वय, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक में अपर सचिव, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।





