गल्ला मंडी में भी शुरू हुआ गड्ढामुक्त अभियान
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने गल्ला मंडी और मुख्य बाजार क्षेत्र में नारियल फोड़कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मिष्ठान वितरण भी किया गया। महापौर ने स्पष्ट किया कि 30 अक्टूबर तक शहर की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही हैं।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत के कार्य प्रभावित हो रहे थे। वर्षा के बाद मौसम अनुकूल होने पर बिटुमिनस सामग्री से सड़कों की मरम्मत बेहतर ढंग से की जा सकती है। अब मौसम अनुकूल होने के साथ ही अभियान को गति दी गई है और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के गड्ढे भरने का काम तेजी से कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पूरे शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। आदर्श कॉलोनी और आवास विकास क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है। इसके अलावा कल्याणी व्यू से गोल्डन एजेंसी वाली सड़क पर भी काम पूरा हो गया है। अब गल्ला मंडी और मुख्य बाजार क्षेत्र में भी अभियान शुरू कर दिया गया है। श्याम बाबा मंदिर के चारों ओर भी सड़क को गड्ढामुक्त करने का कार्य किया जा रहा है। गल्ला मंडी में लंबे समय से व्यापारी सड़क के गड्ढों से परेशान थे, अब उन्हें इस समस्या से राहत मिलने जा रही है।महापौर ने कहा कि उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से भी सड़कों की मरम्मत से संबंधित शिकायतें और मांगें प्राप्त हो रही हैं। इन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्रों में सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा रहा है। सुभाष कॉलोनी और होटल सागर वाली गली में भी अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां से सड़कें दुरुस्त करने की शिकायतें मिल रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है। यदि किसी क्षेत्र में सड़क का कोई हिस्सा छूट गया है, तो नागरिक उसकी जानकारी नगर निगम तक पहुंचा सकते हैं, ताकि वहां भी तत्काल कार्रवाई की जा सके।महापौर ने कहा कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों का समय नजदीक है। ऐसे में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वे त्योहारों को बेहतर ढंग से मना सकेंगे। उन्होंने बताया कि गांधी पार्क में दीपावली मेले के आयोजन की तैयारी भी की जा रही है। पिछली बार की तरह इस बार भी स्ट्रीट वेंडर्स को ध्यान में रखते हुए मेला लगाया जाएगा, ताकि शहर की माताएं-बहनें और अन्य नागरिक आसानी से त्योहारों की खरीदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में अनावश्यक अव्यवस्था, भीड़भाड़ और खींचतान की स्थिति न बने तथा लोगों को सुविधाजनक माहौल मिल सके।महापौर विकास शर्मा ने कहा इस शहर का मैं चौकीदार हूं। अपने शहर को सुंदर बनाना, बेहतर बनाना और यहां के लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरा कर्तव्य है। इस कर्तव्य को निभाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद चिराग कालरा, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, व्यापार मण्डल कोषाध्यक्ष संदीप राव, तराई मर्चेंट चैंबर अध्यक्ष राजेश घीक, प्रवेश गोयल, राजेश श्यामपुरिया, शिवांश अग्रवाल, हरजीत राठी,डॉ. संजीव शर्मा,मुकेश वशिष्ठ, पार्षद पवन राणा, पार्षद बीनू,गौरव जुयाल, पार्षद नूरुद्दीन, पवन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल,मनदीप गुगलानी,प्रवीण गोयल आदि मौजूद थे।





