कुमाऊं कमिश्नर ने हाईवे_87 का निरीक्षण किया
रुद्रपुर।आयुक्त कुमाऊं मण्डल/अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण दीपक रावत ने आज जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों की समीक्षा की।उन्होंने प्राधिकरण में दर्ज विभिन्न वादों की स्थिति जांची व जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अन्तर्गत विनियमित क्षेत्र से सम्बन्धित पत्रावलियों का अवलोकन किया।साथ ही अधिकारियों को आवेदनों व पुराने वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा।ई-मानचित्र प्रणाली में तेजी लाने, वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न सिविल कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान मण्डलायुक्त ने वर्तमान में चल रहे, प्रस्तावित और पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की।
इसके बाद मण्डलायुक्त रावत ने कलक्ट्रेट परिसर में 17.71 करोड़ की धनराशि से निर्माणाधीन जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने व कार्यालय भवन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए।उन्होंने एनएच- 87 डीडी चौक से त्रिशूल चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय आदि मौजूद थे।





