एमएसएमई औद्योगिक सम्मेलन में सरकार एवं उद्योग जगत के बीच हुआ सार्थक संवाद
हरिद्वार।(लोक निर्णय) आइआइए रुड़की चैप्टर की ओर से भगवानपुर क्षेत्र स्थित एक होटल में एमएसएमई औद्योगिक सम्मेलन में उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भारत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्थानीय एवं प्रदेश स्तर के सैकड़ों उद्यमियों और औद्योगिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों से मंत्री को अवगत कराया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सरकार एवं औद्योगिक जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाना तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी संवाद कायम करना रहा।भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम की बदहाल स्थिति और सड़कों की खराब हालत से मंत्री एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवगत कराया गया। उद्यमियों ने बताया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने और सड़कों की खराब स्थिति के कारण औद्योगिक इकाइयों के संचालन, माल के आवागमन तथा दैनिक औद्योगिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों की स्थिति एवं अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम में उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम तिवारी, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र सिंह, सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक कमल कपाड़िया, सीडा से अनुभव सिंह आदि मौजूद थे।मंत्री भारत सिंह चौधरी ने उद्यमियों के साथ सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों पर विचार-विमर्श किया। आईआईए रुड़की चैप्टर की इस पहल को सरकार एवं उद्योग जगत के बीच संवाद और समन्वय को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
इस अवसर पर आइआइए के प्रदेश अध्यक्ष तरुण गोयल, प्रदेश जनसंपर्क प्रमुख अजय जैन, चैप्टर अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव दीपमणि मिश्रा, उपाध्यक्ष अमित गोयल, चैप्टर जनसंपर्क प्रमुख अतुल शर्मा तथा बोर्ड सदस्य प्रशांत पुंडीर, बृजेश पांडेय, विकास गोयल, नौशाद अली, अकील, आर्चित अरोड़ा, सुंदरम, संदीप राघव आदि मौजूद थे।





