उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले बुलंद: सुशील
हल्द्वानी। उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि आज उत्तराखंड राज्य में जंगलराज जैसा माहौल बनता जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार खुलेआम हत्याएं और गंभीर आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है।उनियाल ने कहा कि छोटे से उत्तराखंड राज्य में लगभग 73 से 75 आईपीएस अधिकारी तैनात हैं, इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आखिर इतने बड़े पुलिस तंत्र के होते हुए भी अपराध पर नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है? यह स्थिति स्पष्ट रूप से प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है।उनियाल ने कहा कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। दिनदहाड़े हो रही वारदातें इस बात का संकेत हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। यदि यही हाल रहा तो जनता का सरकार और पुलिस प्रशासन से विश्वास उठ जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए ।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश में कानून व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल जनता के साथ सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगा।




