अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल के निर्देशों के अनुपालन में आज रुद्रपुर ब्लॉक में ल पीसीपीएनडीटी (गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक) एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित विशेष निरीक्षण टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने क्षेत्र के आठ प्रमुख अल्ट्रासाउंड और डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण दल में प्रशासनिक और चिकित्सा विशेषज्ञों की इस संयुक्त टीम का नेतृत्व प्रभारी नायब तहसीलदार राधे श्याम राणा ने किया। टीम में राजस्व विभाग से लेखपाल विक्रम सिंह, चिकित्सा क्षेत्र से वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता त्रिपाठी, जिला समन्वयक प्रदीप महर पी सीपीएनडीटी और अधिशासी सहायक गोपाल आर्य शामिल थे। टीम ने रिदम इकोकार्डियो सेंटर, थिंड पशु चिकित्सालय (विशिष्ट जांच),
सिद्धि विनायक हॉस्पिटल,जीवनदीप हॉस्पिटल,सुरभि हॉस्पिटल सुरभि आइवीएफ सेंटर, वाहेगुरु अल्ट्रासाउंड केंद्र,
रूद्र अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया। फॉर्म-एफ का रख-रखाव: मरीजों के अनिवार्य फॉर्म-एफ की प्रविष्टियां पूर्ण हैं या नहीं, केंद्र में उपलब्ध लॉग-बुक और डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान किया गया।केंद्रों पर एक्ट से संबंधित अनिवार्य बोर्ड और चेतावनी संदेशों की उपलब्धता की जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ।जिससे जनपद में लिंगानुपात में सुधार लाया जा सके और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लग सके।





