दिशा पाटनी अभिनीत हॉलीवुड फिल्म हॉलीगार्ड्स का टीजर रिलीज, वेनिस (इटली) फिल्म फेस्टिवल में लॉन्च हुई

मुंबई। जानी मानी बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल दिशा पाटनी अभिनीत नई हॉलीवुड फिल्म हॉलीगार्ड्स: सागा द पोर्टल ऑफ फोर्स का टीजर रिलीज हो गया है। हॉलीगार्ड्स से जुड़े लोगों के लिए खुशी की बात यह है कि इसे वेनिस फिल्म फेस्टिवल में लॉन्च किया गया। इस फिल्म से वे हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। हॉलीगार्ड्स के टीजर में वे एक अलग दुनिया में योद्धाओं की तरह लड़ती दिखाई दे रही हैं। इसे देखकर ऐसा लगता है कि वे इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन करती दिखाई देंगी। फिल्म में दो कबीले मानव के भविष्य को बचाने के लिए लड़ते दिखाई देंगे। इसे ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता केविन स्पेसी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में डॉल्फ लुंडग्रेन, टायरेस गिब्सन और ब्रायना हिल्डब्रैंड जैसे कलाकार भी हैं।
इंस्टाग्राम पर दिशा पाटनी ने कुछ समय पहले इस हॉलीवुड फिल्म में होने की बात कही थी। तब उन्होंने इसके सेट से एक तस्वीर भी फैंस के लिए साझा की थी। रविवार को दिशा पटानी अपनी बेस्ट फ्रेंड मौनी रॉय के साथ घूमते हुए देखी गई थीं। दोनों अक्सर हैंगआउट करती रहती हैं। जब भी उन्हें समय मिलता है तो वे साथ में वक्त बिताती हैं। इसकी तस्वीरें भी वे सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। दिशा पटानी ने मौनी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, बेस्ट फ्रेंड के साथ संडे को घूमना तो बनता है।
13 जून 1992 को बरेली, उत्तर प्रदेश में जन्मी दिशा पटानी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2015 में तेलुगू फिल्म लोफर से की थी जो वरुण तेज के साथ थी। वर्तमान में हॉलीगार्ड्स फिल्म के अलावा दिशा के पास वेलकम 3 भी है, जिसमें बहुत सारे स्टार्स होंगे। इसके साथ ही वे प्रभास की फिल्म कल्कि के पार्ट 2 में भी दिखाई देंगी। कुछ समय पहले पता चला था कि दिशा पटानी, विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म में शाहिद कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखाई देंगी।
मालूम हो कि होलीगार्ड्स सागा द पोर्टल ऑफ फोर्स केविन स्पेसी द्वारा निर्देशित और सर्गेई टॉर्चिलिन व लाडो ओखोटनिकोव द्वारा लिखित एक आगामी सुपरनैचुरल एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसमें स्पेसी, डॉल्फ लुंडग्रेन, टायरेस गिब्सन, ब्रायना हिल्डेब्रांड, दिशा पटानी और एरिक रॉबर्ट्स मुख्य भूमिकाओं में हैं।