जायर बोल्सोनारो सैन्य तख्तापलट की साजिश रचने के दोषी, 27 साल तीन महीने जेल की सजा, अमेरिका की टिप्पणी पर ब्राजील ने दिया करारा जवाब
ब्रासीलिया। डोनाल्ड ट्रंप की तरह चुनाव हारकर भी ब्राजील की सत्ता पर काबिज होने का प्रयास करने वाले ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति 70 वर्षीय जायर बोल्सोनारो को सैन्य तख्तापलट की साजिश रचने का दोषी पाए जाने पर 27 साल तीन महीने जेल की सजा सुनाई गई है। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के पाँच न्यायाधीशों के एक पैनल ने पूर्व राष्ट्रपति को दोषी ठहराए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह सजा सुनाई। बोल्सोनारो पर 2022 का चुनाव अपने वामपंथी प्रतिद्वंद्वी लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा से हारने के बाद सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से रची गई एक साजिश का नेतृत्व करने का आरोप है।
अपने घर में नजरबंद बोल्सोनारो इस मुकदमे में शामिल नहीं हुए। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ब्राजील के सर्वोच्च न्यायालय ने ष्पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को कैद करने का अन्यायपूर्ण फैसला सुनाया है और इस षडयंत्र का जवाब देने की धमकी दी। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा आज दी गई धमकियाँ एक ब्राजीलियाई प्राधिकरण पर हमला करने वाले और रिकॉर्ड में मौजूद तथ्यों और ठोस सबूतों की अनदेखी करने वाले बयान हमारे लोकतंत्र को प्रभावित नहीं करेंगी।
ब्राजील के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से बोल्सोनारो को अब अपना शेष जीवन जेल में बिताने की आशंका का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व राष्ट्रपति के वकीलों से यह तर्क देने की उम्मीद है कि उन्हें जेल भेजने के बजाय नजरबंद रखा जाना चाहिए। वे कम सजा की भी गुहार लगाएंगे। यद्यपि वे फैसले के खिलाफ अपील नहीं कर पाएंगे। बोल्सोनारो को पाँच आरोपों में दोषी पाया गया, ये सभी 2022 के चुनाव में हार के बाद सत्ता पर काबिज रहने की उनकी कोशिश से संबंधित थे।
बताया जाता है कि अभियोजकों ने तर्क दिया कि उन्होंने सत्ता में बने रहने की साजिश बहुत पहले ही शुरू कर दी थी, सैन्य कमांडरों को तख्तापलट का प्रस्ताव दिया था और चुनावी व्यवस्था पर बेबुनियाद संदेह पैदा किए थे। न्यायाधीशों ने कहा कि उन्होंने एक साजिश रची थी और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों सहित उनके सात सह-साजिशकर्ताओं को भी दोषी ठहराया था। इनमें दो पूर्व रक्षा मंत्री, एक पूर्व जासूस प्रमुख और एक पूर्व सुरक्षा मंत्री शामिल हैं। पाँच सदस्यीय पैनल में एकमात्र न्यायाधीश लुईज फक्स ने बुधवार को तर्क दिया कि जायर बोल्सोनारो के विरुद्ध आरोप निराधार थे और उन्हें बरी करने को कहा। पैनल की एकमात्र महिला न्यायाधीश कारमेन लूसिया ने गुरुवार को जोर देकर कहा कि ब्राजील की लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में है और चेतावनी दी कि अधिनायकवाद से कोई छूट नहीं है।
मालूम हो कि 2022 के आम चुनाव के दूसरे चरण में, बोल्सोनारो लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से हार गए थे। इसके बाद 8 जनवरी 2023 को, उनके समर्थकों ने संघीय सरकारी भवनों पर धावा बोल दिया और तख्तापलट करने और बोल्सोनारो को सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने का प्रयास किया था। लेकिन काफी हंगामे, झड़पों, संघर्षों के बाद बोल्सोनारो अपनी कोशिश में नाकाम रहे।




