पंत विवि बना ग्लोबल एजुकेशन हब, इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल संग पंतनगर गढ़ेंगे कृषि के भविष
पंतनगर। (लोक निर्णय)गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अब वैश्विक शैक्षणिक साझेदारी के नए दौर में प्रवेश करता दिख रहा है। आज इंडोनेशिया के प्रतिष्ठित आइपीबी विश्वविद्यालय के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पंतनगर विश्वविद्यालय का दौरा कर शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आइपीबी विश्वविद्यालय के वाइस रेक्टर प्रो. इस्कंदर ज़ेड. सिरेगर ने किया। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, कंप्यूटर साइंस और वैश्विक सहयोग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पंत विवि के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया की कृषि, जलवायु और विकास संबंधी चुनौतियों में काफी समानताएं हैं। ऐसे में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच मजबूत अकादमिक और तकनीकी साझेदारी स्थापित होने की अपार संभावनाएं हैं।बैठक के दौरान कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार, संयुक्त शोध परियोजनाओं और छात्र-संकाय विनिमय कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भविष्य में दीर्घकालिक सहयोग विकसित करने पर सहमति जताई।कुलपति डॉ. कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन को उपहार देकर सम्मान व्यक्त किया।दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों और शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा कृषि और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।यह दौरा भारत और इंडोनेशिया के दो प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भविष्य में संयुक्त शोध, नवाचार आधारित परियोजनाओं और वैश्विक स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान को नई गति देगी। इसे लेकर दोनों विवि के विज्ञानी काफी उत्साहित दिखे और पंत विवि के कुलपति डॉक्टर शिवेंद्र कुमार कश्यप की कार्यशैली की विज्ञानी सराहना करते दिखे।





