नैनीताल हाईव पर कट खोलने को कलक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)विशाल मेगा मार्ट के सामने नैनीताल हाईवे स्थित बंद कट को पुनः खोले जाने तथा वहां ओवर फुट ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।उन्होंने आज कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रोष जताया।इसके बाद जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में कलेक्ट्रेट प्रभारी रिचा सिंह को ज्ञापन देकर कहा कि विशाल मेगा मार्ट के सामने नैनीताल हाईवे पर पूर्व दिशा की ओर जाने वाले मार्ग का कट प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया है।जबकि यह कट पूर्व में खुला हुआ था। कट बंद होने के कारण रविन्द्र नगर, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप सहित अनेक कॉलोनियों के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन हजारों बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं आम नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करने को मजबूर हैं। कट बंद होने के कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है और अधिकांश लोग जान हथेली पर रखकर बंद कट के ऊपर से ही हाईवे पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।कहा कि तीन दिन पूर्व भी एक महिला हाईवे पार कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर घटना के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।उन्होंने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, पुनः कट खोलने की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद गौरव गिरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनिका ढाली, सरोज शर्मा,अनंत विश्नोई,अर्जुन विश्वास, पार्षद बाबू खान, मोहन कुमार, राकेश अधिकारी, सेवा राम दिवाकर,जगदीश कर्मकार, राजेंद्र मिश्रा, पार्षद राजू कोली, विक्रम जीत विर्क आदि शामिल थे





