काशीपुर क्षेत्र से एक कार से भारी मात्रा में अवैध शस्त्रो का जखीरा व कारतूस बरामद
काशीपुर। (लोक निर्णय)एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमें में कार्रवाई करते हुए काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से एक पम्प एक्शन बन्दूक 12बोर, 01 राइफल सेमी ऑटोमैटिक .22 बोर , 01 पिस्टल सेमी ऑटोमैटिक .32 बोर, 01 रिवाल्वर .32 बोर के साथ 237 कारतूस (विभिन्न बोर) व सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए ।स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की जांच के बाद चार जून को ऊधम सिंह नगर की काशीपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में 3 पंजीकृत कराया गया था। इसी मामले में मंगलवार देर रात एसटीएफ व पुलिस ने काशीपुर क्षेत्र से चार अवैध हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से बरामद किए। जिन्हें एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में ले जाकर दाखिल कराया गया। बरामद अवैध शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस एवं वाहन मुकदमा उपरोक्त में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्रगण राकेश अग्रवाल निवासीगण काशीपुर व दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर के हैं। जिस सम्बन्ध में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने बताया कि एसटीएफ. द्वारा राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच की जा रही है और एसटीएफ द्वारा राज्य में इस सम्बन्ध में विभिन्न जनपदों में तीन अभियोग दर्ज कर संलिप्त पांच आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है तथा अब तक 05 अवैध शस्त्र व फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।एसटीएफ द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है तो वह तत्काल एसटीएफ को अवगत कराएं, सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जायेगा। एसटीएफ उत्तराखण्ड टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, एमपी सिंह, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा, सोनू पाण्डे के साथ पुलिस टीम भी रही।





