किसानों को निःशुल्क बांटे धान के बीज
पंतनगर। (लोक निर्णय) खटीमा ब्लाक के अंतर्गत पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा धान के बीज उत्पादन की आधुनिक तकनीक विषय पर आज हुई कृषक गोष्ठी में किसानों को विश्वविद्यालय द्वारा धान की उन्नत प्रजातियों के 10-10 किग्रा. बीज निशुल्क उपलब्ध कराए गए। धान की उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन में आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जानकारियां दी गई। साथ ही बीज उत्पादन में खरपतवार नियंत्रण, रोग एवं कीटों के बेहतर प्रबंधन, कटाई एवं कटाई के उपरान्त आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गयी। गोष्ठी का उद्घाटन करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मोर्या द्वारा कृषकों को धान के साथ ही अन्य फसलों को भी वैज्ञानिक तरीके से उगाए जाने पर जोर दिया गया। साथ ही अपनी समस्याओं को पंतनगर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों को अवगत कराने को कहा गया ताकि उनका त्वरित समाधान हो सके। विश्वविद्यालय के निदेशक शोध डा. एसके वर्मा ने बताया कि पंतनगर विश्वविद्यालय किसानों विशेषकर छोटे एवं सीमांत किसानों की कृषि को लाभकारी बनाने के लिये प्रतिबद्ध है और समय-समय पर किसानों के लिये आवश्यक कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ।गोष्ठी में न केवल कृषि के बारे में जानकारी दी गई बल्कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं के बारे में जिला कृषि अधिकारी वीके यादव ने बागवानी से संबंधित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जिला बागवानी अधिकारी द्वारा जानकारी दी।





