छात्राओं ने सीखा आत्मरक्षा और संस्कार
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) शहर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय आर्य चरित्र निर्माण एवं आत्मरक्षा शिविर में महापौर विकास शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन भी किया। जिसकी महापौर ने सराहना की।शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर केवल आत्मरक्षा तक सीमित नहीं होते, बल्कि युवाओं के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य भी करते हैं। आज के समय में बेटियों को आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना कर सकें।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस शिविर में छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसी तरह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भी बहनों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह पहला स्कूल है जो छात्राओं को इस प्रकार का व्यापक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जो निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उसके लिए जुट जाना चाहिए। माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना जीवन की सबसे बड़ी सीख है। साफ मन और अच्छे विचारों के साथ आगे बढ़ने वाले लोगों का प्रकृति भी साथ देती है और उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाने में मदद करती है।
इस अवसर पर पृथ्वी राज आर्य, कैलाश गर्ग, राजेन्द्र चांदना, धीरेन्द्र आर्य, विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा चौधरी, प्रशिक्षक राजकुमार, अभिलाषा आर्य, गीतांजलि, शगुन, यामिनी, मीनू, रीतिका, मीनाक्षी, प्रिया, दीपिका वैरागी, जानवी सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।





