रुद्रपुर में सब्जी मण्डी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)शहर की सबसे पुरानी सब्जी मण्डी अब जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में नजर आएगी। सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण कार्य का शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने शिलान्यास किया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से सबसे पुरानी सब्जी मण्डी का करीब 50 लाख रुपये से कायाकल्प होने जा रहा है। जलभराव, कीचड़ और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण व्यापारियों के साथ साथ ग्राहकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। चुनाव के दौरान उन्होंने व्यापारियों से सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण और सुविधाओं के विस्तार का वादा किया था और आज उसी संकल्प को धरातल पर उतारने की शुरुआत हो गई है। नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि व्यापारियों और आम जनता को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुनर्निर्माण कार्य के तहत सब्जी मण्डी में आधुनिक शेड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गर्मी, बरसात और खराब मौसम में व्यापारियों और ग्राहकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक व्यापारी के लिए अलग अलग व्यवस्थित स्टॉल बनाए जाएंगे। हर स्टॉल में पानी की टंकी और बिजली कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।नई मण्डी में दोनों किनारों पर नालियां बनेंगी। और दोनों किनारों पर 16 फिट की सड़क होगी। मध्य में रोड से दो फिट उपर प्लेटफार्म बनेगा। जिसमें 6गुणा छह फिट की कार्ट बनाई जाएगी। कार्ड की मध्य से उंचाई आठ फिट रहेगी। पानी की सप्लाई के लिए बीच बीच में एक हजार लीटर के दो टैंक खे जायेंगे। प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाईट की व्यवस्था की जाएगी। मण्डी के प्रवेश द्वार पर भव्य गेट बनाया जायेगा। साथ ही मण्डी परिसर में साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को भी बेहतर बनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र अरोरा, वरिष्ठ नेता वेद ठुकराल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी,वरिष्ठ नेता धर्म सिंह कोली, सुरेश कोली, नरेश सागर, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद प्रमोद शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मानवेंद्र राय, रेनू जुनेजा, ममता त्रिपाठी, किशन सुखीजा, शेर सिंह, बनवारी लाल, नंद लाल, पूरन लाल, धर्मेन्द्र कोली, राम प्रकाश, विश्वनाथ मौर्य, विनोद गुप्ता, बाबू कोली, तसव्वर, कमलेश गुप्ता, रोहताश, यादराम, राजा राम, गौतम कोली, भूरा, प्रेम शंकर समेत तमाम व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।





