विद्यार्थियों ने सीखे स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के तरीके
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान(Entrepreneurship
Development Institute of India) के संयुक्त तत्वावधान में एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आयोजित द्वितीय दिवस के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में
विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने स्वरोजगार एवं नवाचार,उद्यमिता के तरीके जाना। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश
नारायण सिंह, वाणिज्य एवं बीबीए विभागाध्यक्ष प्रो. भारत सिंह तथा देवभूमि उद्यमिता योजना के
अंतर्गत फूड प्रोसेसिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नोडल अधिकारी डॉ. शलभ गुप्ता ने संयुक्त रूप से
किया। प्राचार्य डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों के उपयोग, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार आधारित स्टार्टअप अपनाने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा वर्ग
आत्मनिर्भर राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने छात्रों से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता रजत शर्मा ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप इकोसिस्टम, नवाचार की संभावनाओं,व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा सफल उद्यम स्थापित करने की चरणबद्ध प्रक्रिया से अवगत
कराया। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से पेटेंट, बौद्धिक संपदा अधिकार एवं तकनीकी नवाचार के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। साथ ही देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण, मेंटरशिप, हैंड- होल्डिंग सपोर्ट एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. एके पालीवाल, डॉ. पीपी त्रिपाठी, डॉ. विकास दुबे, डॉ. दीपक दुर्गा पाल, डॉ. वकार हसन खान, डॉ. बीपी सिन्हा, डॉ. रविश त्रिपाठी, डॉ. अंकिता चंदोला एवं डॉ.
वंदिता कांडपाल आदि मौजूद थे।





