ऊधम सिंह नगर

गैस वितरण में अव्यवस्था पर मेयर का गुस्सा फूटा,ठेकेदार ने मांगी माफी

रुद्रपुर ।( लोक निर्णय) इंडेन गैस एजेंसी पर गैस वितरण की चरमराई व्यवस्था और उपभोक्ताओं के साथ हो रही बदसलूकी देख महापौर विकास शर्मा का पारा आसमान पर चढ़ गया। शनिवार सुबह एजेंसी पर मची अफरा-तफरी की सूचना मिलते ही महापौर सीधे मौके पर गए तो वहां की बदहाली और नियमों की धज्जियां उड़ते देख महापौर ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और प्रबंधकों को जमकर आड़े हाथों लिया। महापौर की सख्ती और सूचना के बाद अपर जिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला पूर्ति अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।जिसके बाद लापरवाह ठेकेदार को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।पिछले कई दिनों से इंडेन गैस एजेंसी पर वितरण में अनियमितता और उपभोक्ताओं के हंगामे की खबरें सामने आ रही थीं। शनिवार सुबह भी जब एजेंसी पर भारी भीड़ और अव्यवस्था का माहौल बना तो महापौर विकास शर्मा ने देखा कि न तो गैस वितरण का कोई रोस्टर बनाया गया था और न ही नियमों का पालन हो रहा था। प्रशासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि गैस की होम डिलीवरी की जाए, लेकिन इसके विपरीत ठेकेदार एजेंसी से ही सिलेंडर बांटकर भीड़ इकट्ठा कर रहा था। इस पर बिफरते हुए महापौर ने ठेकेदार को दो टूक शब्दों में कहा कि अपनी मनमानी से वह प्रदेश की धामी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।महापौर की कॉल पर एडीएम पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटौला और जिला पूर्ति अधिकारी मलकीत भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जब उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं तो ठेकेदार की पोल खुल गई। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार जानबूझकर घर पर सिलिंडर नहीं भेजता और एजेंसी पर बुलाकर घंटों लाइन में खड़ा रखता है। तहसीलदार ने मौके से ही ठेकेदार को पकड़कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद ठेकेदार ने लिखित में माफीनामा दिया और एक सप्ताह के भीतर होम डिलीवरी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने का वादा किया, जिसके बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ा गया। महापौर ने एजेंसी प्रबंधक प्रमोद पाण्डे को भी सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत आई तो सीधे लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की जाएगी।बाद में महापौर ने प्रशासनिक अधिकारियों और गैस एजेंसी प्रबंधन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर नई रणनीति तैयार की। बैठक में यह सख्त निर्णय लिया गया कि अब किसी भी दशा में गैस एजेंसी परिसर से सिलेंडर वितरित नहीं होंगे। वितरण केवल डोर टू डोर ही किया जाएगा ताकि एजेंसी पर लाइन न लगे। महापौर ने जनता से भी अपील की कि यदि गैस मिलने में कोई दिक्कत आए, तो वे सीधे नगर निगम, संबंधित पार्षद या उनके व्हाट्सएप नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से खिलवाड़ करने वाले किसी भी ठेकेदार या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार