कुसुनपुर बना सीएसआइआर का स्मार्ट विलेज मॉडल
ओडिशा।(लोक निर्णय)ओडिशा के जिला केंद्रापड़ा में सीएसआइआर स्मार्ट विलेज की पहल का भव्य शुभारंभ हुआ। राजनगर ब्लॉक के कुसुनपुर गांव में यह उद्घाटन हुआ। इस कार्यक्रम की मेजबानी सीएसआइआर_ केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CSIR-CBRI), रुड़की द्वारा प्रो. प्रदीप कुमार रमणचारला के नेतृत्व में की गई।यह पहल तकनीक आधारित और सतत ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल का उद्देश्य शोध संस्थानों, स्थानीय प्रशासन और कार्यान्वयन साझेदारों के सहयोग से वैज्ञानिक नवाचारों और व्यावहारिक समाधानों को ग्रामीण समुदायों तक पहुँचाना है।मुख्य अतिथि डॉ. एन. कलैसेल्वी, सचिव, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) तथा महानिदेशक, सीएसआइआर ने दूरस्थ माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर राघुराम आर. अय्यर, आइएएस, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, केंद्रापड़ा भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न सीएसआइआर प्रयोगशालाओं के वरिष्ठ वैज्ञानिक और संस्थागत प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदर्शनी में विभिन्न CSIR प्रयोगशालाओं द्वारा प्रस्तावित उन तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। जिन्हें गांव में लागू किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही कुसुनपुर स्मार्ट विलेज के लिए तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) का भी अनावरण किया गया।यह पहल ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका, पर्यावरणीय स्थिरता और आवश्यक सेवाओं तक पहुँच को मजबूत करने के लिए विकसित की गई नवीन तकनीकों को प्रस्तुत करती है। विज्ञान, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता को एकीकृत करते हुए CSIR स्मार्ट विलेज पहल का उद्देश्य सुदृढ़ और समावेशी ग्रामीण विकास के लिए एक ऐसा मॉडल तैयार करना है जिसे अन्य स्थानों पर भी दोहराया जा सके।





