चंपावत में शिविर में पहुंचे 500 फरियादी
चंपावत।नगर पंचायत बनबसा में राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर में आज डीएम मनीष कुमार ने समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। लगभग 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति वाले इस शिविर में कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं।जिनमें अधिकांश का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया।जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में तत्परता एवं संवेदनशीलता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर सभी प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाज कल्याण, पूर्ति एवं कृषि विभाग को पेंशन एवं राशन कार्ड संबंधी मामलों में स्थलीय सत्यापन कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के जनसेवा शिविर आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ करते हैं।शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती आदि मौजूद थे।


