परवीक्षाकाल अवधि के शिक्षकों के ट्रांसफर आवेदन से डीजी, विद्यालयी शिक्षा नाराज
रुद्रपुर। परवीक्षाकाल अवधि के शिक्षकों और कार्मिकों ने भी ट्रांसफर के लिए आवेदन किए तो महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड सख्त हो गया है। विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड की महानिदेशक दीप्ति सिंह ने आज आदेश जारी किया है।जिसमें लिखा है कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि नव शिक्षक कार्मिकों, जिनका परवीक्षाकाल अवधि भी पूर्ण नहीं हुई है, के द्वारा अपने मूल तैनाती स्थल से अन्यत्र स्थानान्तरण / सम्बंद्धीकरण के लिए विभिन्न स्तरों से संदर्भ प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही प्रतिनियुक्ति पर तैनात शिक्षकों-कार्मिकों द्वारा भी प्रतिनियुक्ति स्थल से अन्यत्र स्थानान्तरण / सम्बद्धीकरण हेतु विभिन्न स्तरों से अपने आवेदन संदर्भित करवा रहे हैं। जिससे शासकीय कार्यों में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। यह स्थिति अत्यंत खेजदनक होने के साथ ही कर्मचारी आचरण नियमावली के विरूद्ध है। फलस्वरूप ऐसे शिक्षकों-कार्मिकों का चिन्हीकरण करते हुए उनके विरूद्ध कार्यवाही की जानी आवश्यक है। अतः प्रत्येक स्तर पर ऐसे शिक्षकों कार्मिकों को चिन्हित करते हुए सम्बन्धित के
विरूद्ध अग्रेत्तर कार्यवाही के लिए सम्बन्धित नियुक्ति अधिकारी को संस्तुति करने के साथ ही सूचना की एक प्रति अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध करना सुनिश्चित करेंगे। इस आदेश से परवीक्षाकाल अवधि के शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





