नगर निगम हरिद्वार ने कुत्तों से जुड़ी शिकायतों के लिए जारी की हेल्पलाइन
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने शहर में कुत्तों (डॉग) से संबंधित शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी निस्तारण के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन पर स्ट्रीट डॉग मैनेजमेंट, एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल ) सहित कुत्तों से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।नगर निगम द्वारा जारी 9568844151 हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर नगर निगम हरिद्वार की अनुबंधित संस्था HSI (Humane Society International) द्वारा कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज कराते समय शिकायत का प्रकार, पूरा पता एवं संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा।जिससे मौके पर पहुंचकर शीघ्र समाधान किया जा सके।शिकायत प्राप्त होने पर एचएसआइ की टीम पहले कॉल के माध्यम से शिकायत की पुष्टि करेगी, तत्पश्चात फील्ड में जाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा बाद में शिकायतकर्ता को स्थिति से अवगत कराया जाएगा।इस व्यवस्था के क्रियान्वयन के लिए नगर निगम हरिद्वार में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह तलियान को नोडल अधिकारी तथा मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इस संबंध में नगर आयुक्त नंदन कुमार ( आइएएस) ने कहा कि
“नगर निगम का उद्देश्य कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान पूरी तरह मानवीय, वैज्ञानिक और समयबद्ध तरीके से करना है। हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर एबीसी कार्यक्रम सहित सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से अपील है कि वे सहयोग करते हुए निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर ही अपनी शिकायतें दर्ज कराएं।”नगर निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शीघ्र ही नगर निगम एवं एचएसआइ के संयुक्त तत्वावधान में कम्प्लेंट मैनेजमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।





