डॉ.बसुंधरा को मिला ‘टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के हिंदी विभाग की डॉ. बसुन्धरा उपाध्याय को उत्तराखंड के प्रतिष्ठित पुरुस्कार अंतरराष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड से ऊर्जांके परमुख सचिव डॉ.आर मीनाक्षी सुन्दरम ने सम्मानित किया। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षाविदों को प्रदान किया गया।यह उपलब्धि उनके निरंतर शैक्षणिक, साहित्यिक एवं शोधपरक योगदान का महत्वपूर्ण सम्मान है।डॉ. बसुन्धरा उपाध्याय हिंदी साहित्य एवं शोध के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। अब तक उनकी 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, उनके लगभग 140 शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। साहित्य, भाषा, संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों पर उनका लेखन एवं शोध निरंतर जारी है।डॉ. उपाध्याय भारतीय हिंदी परिषद की कार्यकारिणी सदस्य भी हैं। इस दायित्व के माध्यम से वे हिंदी भाषा एवं साहित्य के विकास और अकादमिक गतिविधियों में अपनी सहभागिता निभा रही हैं।वर्तमान में डॉ. उपाध्याय उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले मंदिरों पर शोधकार्य कर रही हैं। उनका यह शोध उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत को अकादमिक दृष्टि से समझने और संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।शिक्षण के साथ-साथ लेखन, शोध एवं साहित्यिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता ने उन्हें अकादमिक जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई है। ‘टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड 2026’ के लिए उनका नामांकन स्वीकृत होना न केवल उनके व्यक्तिगत शैक्षणिक सफर की उपलब्धि है, बल्कि महाविद्यालय और उत्तराखंड के उच्च शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अवधेश नारायण सिंह एवं महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. बसुन्धरा उपाध्याय को शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





