विवेक ने किया रामलीला मंचन का शुभारंभ, गोकुलनगर के ग्रामीणों को भूमि स्वामित्व एवं बेदखली के नोटिसों से स्थायी मुक्ति दिलाने का लिया संकल्प
किच्छा। (लोक निर्णय)भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने गोकुलनगर, राघव नगर एवं महाराजपुर में आयोजित श्री रामलीला के छठे दिन के मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान राघव नगर में 60 वर्षों तथा महाराजपुर में 53 वर्षों से चली आ रही श्री रामलीला की गौरवशाली परंपरा की सराहना करते हुए विवेक दीप सिंह ने कहा कि इतने लंबे समय से हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखना अत्यंत सराहनीय है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने दोनों रामलीला समितियों के पदाधिकारियों, कलाकारों एवं इस परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने वाले समस्त क्षेत्रवासियों के समर्पण की प्रशंसा की।उन्होंने गोकुलनगर, तुरका गौरी एवं प्राग फार्म क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही भूमि स्वामित्व संबंधी अनिश्चितता तथा मकान खाली करने एवं ध्वस्तीकरण के नोटिसों की गंभीर समस्या पर अपनी बात रखी। वह इस समस्या से पूर्व से ही भली-भाँति परिचित हैं। वर्षों से यहाँ निवास कर रहे परिवार अपने घरों और भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति में हैं। समय-समय पर मकान खाली करने एवं ध्वस्तीकरण संबंधी नोटिस मिलने से ग्रामीणों में चिंता और असुरक्षा का वातावरण बना रहता है। यह केवल भूमि स्वामित्व का विषय नहीं, बल्कि परिवारों के भविष्य, सम्मान और जीवनभर की मेहनत से बनाए गए आशियानों से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।विवेक दीप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं यहाँ केवल आश्वासन देने नहीं आया हूँ, बल्कि आप सभी को आश्वस्त करने आया हूँ कि आपकी इस गंभीर समस्या को माननीय मुख्यमंत्री जी के समक्ष पूरी मजबूती से रखूंगा। भूमि स्वामित्व एवं बेदखली के नोटिसों से जुड़ी इस समस्या के जड़ से निस्तारण के लिए शासन स्तर पर ठोस पहल करूंगा। हमारा उद्देश्य केवल नोटिसों से अस्थायी राहत दिलाना नहीं, बल्कि ऐसा स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे यहाँ रहने वाले परिवार अपने घरों में सम्मान, सुरक्षा और निश्चिंतता के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।गोकुलनगर, तुर्क8गौरी, प्राग फार्म सहित पूरे किच्छा-पंतनगर क्षेत्र में इस प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे प्रत्येक परिवार के साथ मैं पूरी मजबूती से खड़ा रहूंगा।र विवेक दीप सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, न्याय, मर्यादा और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा और उसकी समस्याओं का समाधान ही सच्ची जनसेवा है।





