जिलाधिकारी ने टनकपुर में 237.74 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन आइएसबीटी का निरीक्षण किया
चम्पावत।(लोक निर्णय)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के अनुरूप जनपद में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निर्माणाधीन यह महत्वाकांक्षी परियोजना टनकपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आईएसबीटी के निर्माण से यात्रियों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परिसर में यातायात व्यवस्था, वाहनों के सुगम आवागमन, पार्किंग एवं यात्रियों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस गिरीश पंत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





