घर में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर धोखाधड़ी किए जाने के आरोप।
खटीमा।(लोक निर्णय) पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी खटीमा के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली खटीमा पुलिस ने विभिन्न मामले में नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वादी ने कोतवाली खटीमा में दी तहरीर ने कहा था कि लक्ष्मण सिंह भाटिया पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह भाटिया निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा एवं उसके अन्य साथियों द्वारा वादी के पिता को उनके घर/भूमि में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित रूप से विश्वास में लिया गया। कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ एवं अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर बड़ी धनराशि खर्च होने की बात कहकर वादी के पिता से अलग-अलग किस्तों में धनराशि प्राप्त की गई। साथ ही, भूमि संबंधी विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान भी करवाए गए। वादी के अनुसार, दस्तावेजों में भूमि के संबंध में लगभग 46 लाख रुपये एवं 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित है।वादी ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कथित रूप से एक कार में ले जाकर बंधक बनाया गया तथा हथियार दिखाकर और बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया। तहरीर में लगभग 10 लाख रुपये की नकद धनराशि लिए जाने तथा भूमि को कथित रूप से कम कीमत पर बिकवाने की साजिश किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के कारण उसके पिता पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ा। प्रकरण में संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों तथा अन्य आरोपों की जांच विवेचना के अंतर्गत की जा रही है।मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपर तथा क्षेत्राधिकारी खटीमा के निकट पर्यवेक्षेण में कोतवाली खटीमा पुलिस द्वारा मुकदमे से संबंधित नामजद अभियुक्तों की तलाश, सुरागरसी – पतारसी एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। खटीमा पुलिस टीम के साथ मुकदमे में नामजद आरोपितों की तलाश में जा रहे थे। इसी दौरान भूड़ महोलिया की पुलिया के पास मुखबिर खास द्वारा सूचना दी गई कि मुकदमे से संबंधित अभियुक्त खटीमा रेलवे स्टेशन पर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल संजय पार्क रेलवे स्टेशन, खटीमा के पास पहुँची। मुखबिर द्वारा बताए गए व्यक्तियों की पहचान कर पुलिस टीम ने घेराबंदी एवं पीछा करते हुए चारों नामजद अभियुक्तों को मौके पर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों को मु0एफआइआर संख्या 308/2026, धारा 318(4), 308(6), 127(2), 61(2) एवं 319(2) बीएनएस में नामजद होने के आधार पर हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग एवं माननीय उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन का उल्लेख गिरफ्तारी अभिलेख में किया गया है। पकड़े गए आरोपित लक्ष्मण सिंह भाटिया पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह भाटिया निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, थाना खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर,विवेक कुमार पुत्र स्वर्गीय संतोष कुमार, निवासी बानू⁸सी, झनकट, थाना खटीमा,नन्द किशोर पुत्र हब्बू राम, निवासी बण्डिया, थाना खटीमा और शिव सिंह राणा पुत्र नैन सिंह राणा, निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, थाना खटीमा के रहने वाले हैं।पुलिस ने बताया कि प्रकरण की अग्रिम विवेचना की जा रही है। धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों, कथित धमकियों तथा जिन व्यक्तियों ने भूमि खरीदी है उनकी संलिप्तता की जांच कर आवश्यतानुसार गिरफ्तारी और भूमिका के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।





