तनाव से बचाव के बताए उपाय
रुद्रपुर।(लोक निर्णय)विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस, 2026 के अवसर पर आज दिनांक 10 अक्टूबर को किसान इंटर कॉलेज, लालपुर के सभागार में विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस वर्ष की थीम Lived Experiences Heard: Real Voices, Real Change के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा तनाव, चिंता एवं भावनात्मक चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने हेतु प्रेरित करना था।कार्यक्रम में डॉ. पीडी. गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद ऊधम सिंह नगर तथा फैज़ खान, प्रधानाचार्य, किसान इंटर कॉलेज, लालपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही । मनोचिकित्सक डॉ. ईश डल्ला ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ते तनाव, चिंता एवं अवसाद के संभावित कारणों पर प्रकाश डालते हुए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपनी भावनाओं को समझने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से सहायता लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करने और किसी भी प्रकार की झिझक अथवा संकोच से बचने के लिए प्रेरित किया ।डॉ. पीडी गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद ऊधम सिंह नगर ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में योग, ध्यान तथा भावनाओं को संतुलित रखने से संबंधित तकनीकों को अपनाने पर बल दिया। साथ ही, विद्यार्थियों को पढ़ाई एवं दैनिक जीवन में आने वाली चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य फैज़ खान ने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है कि विद्यालय में ऐसा सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाया जाए, जहाँ विद्यार्थी बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं एवं भावनात्मक चुनौतियों को साझा कर सकें तथा समय पर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर परिवार, शिक्षकों एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहायता लेने का संदेश दिया गया ।चिकित्साकों ने बताया कि किसी भी मानसिक स्वास्थ्य से ग्रस्त समस्या हेतु टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और सहायता सेवा 14416 निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य सहायता 24 घंटे, सप्ताह के 7 दिन उपलब्ध है I जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के टोल फ्री न० 1800-180-4078 पर भी सम्पर्क अवश्य करें।कार्यक्रम में संजय रावत, दसमेश कौर, माया, उमेश पाल, अरुण कुमार, आकाश सहित किसान इंटर कॉलेज, लालपुर के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे ।





