गोला नदी में छात्र के बहने से हड़कंप
शांतिपुरी। (लोक निर्णय)शांतिपुरी नंबर-4 के समीप गोला नदी में नहाने के दौरान 11वीं कक्षा के एक छात्र के तेज जलप्रवाह में बह जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।सूचना पर पुलिस, प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर छात्र की तलाश में जुट गई हैं।पंतनगर की टा कॉलोनी निवासी मुन्ना चौहान का पुत्र पवन अपने मित्रों के साथ आज सुबह 10 बजे के करीब शांतिपुरी क्षेत्र में गोला नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के गहरे और तेज बहाव में चला गया। देखते ही देखते लापता हो गया। नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के चलते रेस्क्यू टीम को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें भी नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचकर पवन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। इस कठिन समय में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। छात्र की तलाश के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी और हरसंभव सहयोग किया जाएगा।पूर्व विधायक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली और अभियान को पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ जारी रखने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों के साथ छात्र की तलाश में जुटे रहने का आग्रह किया।
इस दौरान एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तथा पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है तथा परिजन और स्थानीय लोग छात्र के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।





