आध्यात्मिक उर्जा का केन्द्र बनेगा संजय नगर
रुद्रपुर। वार्ड 11 के अंतर्गत संजय नगर खेड़ा क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को धरातल पर उतारने के लिए महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रीय पार्षद नीतू राय के साथ मार्ग और नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया । महापौर ने कहा कि शहर के हर वार्ड और हर गली तक पक्की सड़कों का जाल बिछाना प्राथमिकता है। मार्ग के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुगम होगा, बल्कि इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों उनके आग्रह पर शिव कॉरिडोर की जो घोषणा की है, उसका लाभ संजय नगर खेड़ा क्षेत्र के लोगों को व्यापक रूप से मिलेगा। शिव कॉरिडोर से संजय नगर खेड़ा के मंदिर के साथ साथ नीलकंठ धाम और गोल्ज्यू मंदिर तीनों एक साथ जुड़ जायेंगे। मानसखण्ड कॉरिडोर के अंतर्गत शिव कॉरिडोर भी जुड़ जायेगा और इसका तीर्थाटन की दृष्टि से महत्व प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश विदेश में भी बढ़ जायेगा। इस कॉरिडोर से कनेक्टिविटी के लिए नई सड़कों का भी निर्माण होगा इससे आवागमन भी सुगम होगा।प आने वाले दिनों में यह पूरा एरिया धार्मिक दृष्टि से विशेष हो जायेगा। यहां 51 फिट की महादेव की मूर्ति लगाई जायेगी। भव्य द्वार बनाने के साथ ही पूरा नीलकंठ धाम भी भव्य बनाया जायेगा। भविष्य में वृद्धाश्रम भी बनाया जायेगा। काम काजी महिलाओं के बच्चों की देख रेख के लिए एक सेंटर भी स्थापित होगा । इसके साथ ही यहां एक संस्कारशाला भी बनायी जायेगी।जहां बच्चों को अपनी संस्कृति से सम्बंधित जानकारियां दी जायेगी। यही नहीं योगा केन्द्र, ध्यान केन्द्र भी बनाया जायेगा। जिससे लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रखा जा सके। बाहर से आने वाले साधु संतों के रूकने के लिए भी व्यवस्था की जायेगी। यह पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक उर्जा का केन्द्र बनेगा। इस अवसर पर बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी,शेखर राय, स्वामी सनातन महाराज,उत्पल मंडल, पार्षद मुकेश रस्तोगी, पार्षद बीनू, पार्षद पवन राणा, पार्षद शुभम दास, पार्षद चिराग कालरा पार्षद एमपी मौर्य , भाजपा नेता शिवकुमार राय, महंत महंत बॉबी पासी आदि मौजूद थे।





