60 सफाई कर्मचारियों को मिली स्वच्छता किट
पंतनगर।गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कालेज ऑफ वेटेरिनी एवं एनिमल साइंस इन्सट्रक्शनल डेयरी, पॉल्ट्री फार्म तथा पशुपालन प्रबंध विभाग की डिमॉन्स्ट्रेशन यूनिट में कार्यरत 60 सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट बांटी गई। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा संचालित ऑल इण्डिया नेटवर्क प्रोजेक्ट ऑन वन हेल्थ के अन्तर्गत अनुसूचित जाति उप-योजना के अंर्तगत कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कालेज ऑफ वेटेरिनी एवं एनिमल साइंस के डीन डॉ. एएच अहमद ने कहा कि स्वच्छता एवं व्यक्तिगत सफाई रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिससे न केवल कार्यस्थल, बल्कि समाज एवं पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है।कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परियोजना अनुवेषक डॉ. अजय कुमार उपाध्याय ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा परियोजना के अन्तर्गत संचालित अनुसूचित जाति उप-योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऑल इण्डिया नेटवर्क प्रोजेक्ट ऑन वन हेल्थ का उद्देश्य पशु स्वास्थ्य, मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण स्वास्थ्य को एकीकृत करते हुए जूनोटिक एवं उभरते संक्रामक रोगों की रोकथाम, निगरानी एवं नियंत्रण को सशक्त बनाना है।डॉ. उपाध्याय ने बताया कि इस परियोजना के अन्तर्गत देशभर में जूनोटिक रोगों की राष्ट्रीय निगरानी प्रणाली को मज़बूत करना, रोगों के संक्रमण तन्त्र एवं जोखिम कारकों पर वैज्ञानिक साक्ष्य उत्पन्न करना, तकनीकों, टीकों एवं रोग नियंत्रण रणनीतियों का विकास तथा वन हेल्थ दृष्टिकोण से क्षमता निर्माण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना मुख्य लक्ष्य हैं।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का समन्वय केन्द्र भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (प्टत्प्), इज्जतनगर, बरेली, उत्तर प्रदेश है तथा यह परियोजना देशभर में 16इकाइयों के माध्यम से संचालित की जा रही है। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर इस परियोजना की एक प्रमुख सहयोगी इकाई है। परियोजना की सह-अनुवेषक डॉ. मानसी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। जबकि डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कार्यक्रम का सफल समन्वय किया।



