12फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने पर मंथन
रुद्रपुर।मजदूर किसान संगठनों की आज गल्ला मंडी बाजार रुद्रपुर में मजदूर यूनियन ऐक्टू की जिला इकाई की ओर से बैठक हुई। ऐक्टू राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड के के बोरा ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए मजदूर किसान की मेहनत को लूटतंत्र की मनमर्जी पर पहुंचा दिया है। मजदूरों को 8 घंटे से ज्यादा काम के लिए विवश करने का कानून लेबर कोड में बना दिया है तो दूसरी तरफ किसान के बीज के परंपरागत अधिकार छीनने को बहुराष्ट्रीय कंपनियों के नियंत्रण के लिए बीज विधेयक 2025 ले आई है। इस नए बिल में चलते किसान जीएम बीजों की हर साल खरीद के लिए मजबूर किया गया है। किसान मजदूरों की उत्पादक क्षमता को लूटने के खिलाफ संघर्ष तेज हो रहा है।
सयुक्त किसान मोर्चा ओर देश के सभी मजदूर यूनियन मिलकर 12 फरवरी को अखिल भारतीय हड़ताल में जा रहे हैं।
भाकपा माले के जिला सचिव कॉमरेड ललित मटियाली ने कहा कि उधमसिंहनगर जिले में मजदूर कानूनों के लिए सम्मानजनक बर्ताव राज्य की सरकार नहीं कर रही है। किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या सरकारी मशीनरी के भ्रष्टाचार और शासन–प्रशासन और भू माफियाओं के गठजोड़ का खुलासा कर चुकी है।
इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव कॉमरेड दिनेश चंद्र ने कहा कि समय रहते राज्य के श्रमिकों खासकर औद्योगिक मजदूरों के हितों पर 4 लेबर कोड के हमले को अगर सरकार ने रोका नहीं तो व्यापक आंदोलन हम करेंगे। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की राज्य उपाध्यक्ष रीता कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार आशा–आंगनबाड़ी –भोजनमाता सहित सभी महिला कामगार सरकार द्वारा शोषित हो रही हैं। उनको न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। ऐक्टू जिला सचिव कॉमरेड अनीता अन्ना के संचालन में सम्पन्न हुए इस कन्वेंशन को मजदूर किसान नेताओं ने संबोधित किया कन्वेंशन ने सर्वसम्मति से जिले में हड़ताल को सफल बनाने और ऊपर लिखित प्रस्ताव को स्वीकार कर संघर्ष तेज करने का आव्हान कियाकन्वेंशन में मनोज सिंह, साहेब सिंह, गोविंद सिंह, उत्तम दास, रंजन विश्वास, सुधा गोस्वामी, बबीता कश्यप, गीता, अरविंद मंडल सहित अन्य ट्रेड यूनियन के साथी मौजूद थे।





