सीएम धामी नौ को सेवा शौर्य सम्मान समारोह को करेंगे संबोधित
रुद्रपुर। खटीमा में नौ अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सेवा शौर्य सम्मान समारोह को सम्बोधित करेगें।साथ ही नव निर्मित सीएसडी कैंटीन का भी लोकार्पण करेगें। वीसी के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की बैठक लेते हुए उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण विनय रूहेला ने सभी व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि कार्यक्रम में पूर्व सैनिक व वीर नारियों को सम्मानित किया जायेगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खटीमा में सेवा शौर्य सम्मान समारोह व सीएसडी कैन्टीन लोकार्पण कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पूर्ण करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी व अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी आदि मौजूद थे।





