श्रम कानून के खिलाफ गरजे श्रमिक
रुद्रपुर।श्रमिक संयुक्त मोर्चा, ऊधम सिंह नगर के बैनर तले श्रमिक, किसान, आशा, भोजनमाता सहित कई क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज हड़ताल में उतरकर गांधी पार्क में सभा की और सरकार से 4 श्रम संहिताओं सहित अन्य काले कानूनों को रद करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि 4 श्रम संहिताएं लाकर केन्द्र की मोदी सरकार मजदूर वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बना देना चाहती है। इन 4 श्रम कोड्स के माध्यम से मालिक मजदूरों से कम वेतन पर ज्यादा घंटे काम लेगा। नए लेबर कोड्स में 8 घंटे काम के नियम को बदलकर 12 घंटे कर दिया गया है। नए श्रम कोड्स में उद्योगों में श्रमिकों के स्थाई होने के नियम को खत्म करके फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट का नियम लाया गया है। इन श्रम कोड्स में मजदूरों के यूनियन बनाने के अधिकार को खत्म कर दिया गया है।
वक्ताओं ने कहा कि यह हड़ताल कार्रवाई एक बहुत ही नाजुक स्थिति में हो रही है।जब केंद्र सरकार, ट्रेड यूनियनों को नियंत्रित करने और कमजोर करने और भारतीय श्रमिक वर्ग आंदोलन को पूंजी के हमले के सामने निहत्था करने के लिए, चार श्रम संहिताएं लेकर आई है।नोटिफाइड लेबर कोड और ड्राफ्ट नियम, सामूहिक सौदेबाजी को खत्म करने, हड़ताल का अधिकार छीनने, लगभग 70 प्रतिशत फैक्ट्रियों को लेबर कानून के दायरे, रेगुलेशन और मालिकों की जिम्मेदारियों से बाहर करने, मजदूरों को मालिकों की दया पर छोड़ने, ज्यादातर मजदूरों को ऑक्यूपेशनल सेफ्टी और सोशल सिक्योरिटी की सुरक्षा से बाहर करने के लिए हैं।
वक्ताओं ने कहा कि
मोदी सरकार सिर्फ मजदूरों के खिलाफ ही काले कानून नहीं बना रही,बल्कि इस देश के अन्नदाता किसान को बर्बाद करने के लिए और खेती किसानी को कॉरपोरेट के हाथों गिरवी रखने के लिए बीज अधिनियम जैसे किसान विरोधी कानून लाने की तैयारी में है।
सभा के बाद बाजार में जुलूस निकाला गया।सभा को सीएसटीयू महासचिव मुकुल , इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव कैलाश भट्ट, भाकपा (माले) जिला सचिव ललित मटियाली, जनकवि बल्ली सिंह चीमा, किसान यूनियन उग्राहा के नेता अवतार सिंह, मजदूर अधिकार संघर्ष अभियान मासा के सुरेन्द्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के शिवदेव सिंह, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की रविन्द्र कौर, भूमि बचाओ आंदोलन के नेता जगतार सिंह बाजवा, अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष गंगाधर नौटियाल, ऐक्टू जिला सचिव अनिता अन्ना, सीटू के जगदेव सिंह, उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की राज्य उपाध्यक्ष रीता कश्यप, ममता पानू , माकपा नेता राजेंद्र सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।सभा में उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, आर.एम.एल एम्प्लाइज यूनियन, बजाज मोटर्स कर्मकार यूनियन, पी बी जी वर्कर्स यूनियन सितारगंज, सनसेरा श्रमिक संगठन, नील मेटल कामगार संगठन, ऑटोलाइन एम्प्लाइज यूनियन , ऐरा श्रमिक संगठन , मंत्री मेटल वर्कर्स यूनियन, नेस्ले कर्मचारी संगठन, डॉल्फिन मजदूर संगठन, बेलराइज वर्कर्स यूनियन, भगवती एम्प्लाइज यूनियन, महेंद्रा कर्मकार यूनियन, याजाकी वर्कर्स यूनियन, करोलिया लाइटिंग संगठन , एलजीबी वर्कर्स यूनियन, एडविक कर्मचारी संगठन, एरा श्रमिक संगठन, गुजरात अंबुजा कर्मकार यूनियन सितारगंज, इंटर्राक मजदूर संगठन, नेस्ले श्रमिक संगठन, ईदगाह बचाओ संघर्ष समिति, समता सैनिक दल के सैकड़ों लोग मौजूद थे।





