श्रमिकों को बांटी किट,श्रमिकों के कल्याण को प्रतिबद्ध है धामी सरकार: शुक्ला
किच्छा। (लोक निर्णय) श्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम एवं उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रोत्साहन किट वितरित कीं। पोषण किट, शिक्षण किट एवं स्वच्छता किट का वितरण किया गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। निर्माण कार्यों से लेकर उद्योग, कृषि एवं विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान उत्तराखंड के विकास को गति प्रदान करता है। ऐसे में श्रमिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार श्रमिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित अनेक क्षेत्रों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र श्रमिक परिवारों तक पहुंचाना है।राजेश शुक्ला ने कहा कि पोषण किट से श्रमिक परिवारों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी, वहीं बच्चों को शिक्षण किट उपलब्ध कराना उनके बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं के लिए स्वच्छता किट का वितरण भी परिवारों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और पात्र परिवारों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। श्रमिकों के हित में लिए जा रहे निर्णय इसी संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेज पूरे रखते हुए सरकार की पात्र योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।कर्मकार बोर्ड के सदस्य त्रिलोक नेगी ने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को आवश्यकतानुसार अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पोषण, शिक्षा और स्वच्छता किट का वितरण श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा, परिवार के पोषण और महिलाओं की स्वच्छता जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किट वितरण किया जाना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।कार्यक्रम में श्रम कल्याण अधिकारी तन्मय पंत, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन वाल्मीकि, पूर्व सांसद प्रतिनिधि धर्मराज जायसवाल,सतीश गुप्ता, राकेश गुप्ता, मंडल महामंत्री मुकेश कोली, ग्रामीण मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, प्रकाश पंत, विनोद कोली, अमरनाथ कश्यप, जितेंद्र गुप्ता, अंकित तिवारी, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, रितिक कश्यप, सोनल कुशवाह, चंदन जायसवाल आदि शामिल हैं।





